हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में मंगलवार को छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य एवं सकारात्मक परिसर संस्कृति को बढ़ावा विषय पर पांच दिवसीय संकाय उन्नयन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
यह कार्यक्रम 26 जून तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन निदेशक प्रो. एचएम. सूर्यवंशी ने किया, जबकि कुलसचिव डॉ. अर्चना संतोष ननोटी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आयोजन संकाय कल्याण के अध्यक्ष प्रो. सुशील चौहान के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
डॉ. नवीन चौहान कार्यक्रम के संयोजक और डॉ. मोहित कुमार और डॉ. सुंदर कला नेगी समन्वयक की भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. अर्चना संतोष ननोटी ने सकारात्मक परिसर संस्कृति को बढ़ावा विषय पर व्याख्यान दिया।
तकनीकी सत्र में डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के मनोचिकित्सक डॉ. रजीत कुमार ने लेट्स टॉक अबाउट मेंटल हेल्थ विषय पर संबोधन दिया।उन्होंने तनाव, चिंता, तनाव प्रबंधन, फाइट-ऑर-फ्लाइट प्रतिक्रिया तथा नशा विकारों पर विस्तार से चर्चा करते हुए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और समय पर हस्तक्षेप के महत्व पर प्रकाश डाला।