मेडिकल कॉलेज में खराब पड़ा डिजिटल टोकन डिस्प्ले बोर्ड। संवाद
- फोटो : katra news
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की विभिन्न ओपीडी के बाहर लगे डिजिटल टोकन डिस्प्ले बोर्ड खराब पड़े हैं। लंबे समय से इनका प्रयोग नहीं हो रहा है, जिस कारण मरीजों को लंबी कतारों में लगकर स्वास्थ्य लाभ का इंतजार करना पड़ रहा है।
मेडिसिन, ऑर्थो ओपीडी, गायनी ओपीडी सहित अन्य में डिजिटल टोकन डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। दो साल से अधिक समय बीत गया है, लेकिन इनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है, जिस कारण मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में रोजाना एक हजार से अधिक ओपीडी होती है। मरीजों को पहले पर्ची के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ता है और उसके बाद स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए पंक्तियों में लगना पड़ता है।
यदि टोकन डिस्प्ले बोर्ड ठीक होते हैं, तो मरीजों को पंक्तियों में इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मरीज आसानी से बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर पाएंगे। हालांकि मरीज कई बार मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से समस्या के समाधान की मांग कर चुके हैं। बावजूद इसके अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मरीजों ने पुन: डिजिटल टोकन डिस्प्ले बोर्ड को ठीक करने की मांग की है।
वहीं, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देशराज शर्मा ने बताया कि मामला ध्यान में है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जल्द ही डिजिटल टोकन डिस्प्ले बोर्ड को ठीक किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज में खराब पड़ा डिजिटल टोकन डिस्प्ले बोर्ड। संवाद- फोटो : katra news