सुजानपुर (हमीरपुर)। ब्लॉक सुजानपुर में ग्राम पंचायत विकास प्लान की बैठकों का आयोजन पंचायतों और ब्लॉक में किया जा रहा है। यह आयोजन 22 सितंबर से लेकर 28 सितंबर तक चलेगा। सुजानपुर ब्लॉक की 22 पंचायतों को समूहों में बांटकर इसका आयोजन किया जा रहा है हर रोज 4 पंचायतों के प्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी जा रही है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति देना है जिसमें अक्तूबर माह से 15वें वित्तायोग में सेल्फ डालकर कार्य करवाने हैं।
इसमें सभी विभाग और उनके अधिकारी भाग ले रहे है। महिला मंडल, युवक मंडल, स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी, कृषि विभाग, बागवानी, जलशक्ति विभाग, मिलकर विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करेंगे। नौ विषयों पर सभी विभागों की कमेटी बनाई जाएगी और एक कमेटी पंचायत की होगी जो विकास कार्यों को आमजलास में डालेगी और इसे जल्द करवाने में अहम भूमिका निभाएगी। इन सभी कमेटियों में पंचायत प्रधान अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। सभी विभागों के अलग-अलग अधिकारी इन कमेटियों के सदस्य होंगे। यह कमेटियां खुद विकास कार्यों को लेकर प्लान करेंगी और खुद उनका सोशल ऑडिट करेंगी ताकि ग्राम पंचायतों में एक समान विकास हो सके। पंचायत निरीक्षक मदन लाल ने कहा कि पंचायतों में विकास कार्यों को लेकर तेजी लाई जाए, इसको लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम 28 तक विभिन्न पंचायतों में करवाए जा रहे हैं। शनिवार का आयोजित इस बैठक में विशेष रूप से पंचायत समिति चेयरपर्सन अंजना ठाकुर उपस्थिति रहीं। खंड विकास अधिकारी राजेश्वर भाटिया ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।