जाहू बस अड्डा में नहीं हटाया अतिक्रमण। संवाद
जाहू (हमीरपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) हमीरपुर मंडल ने जाहू बस अड्डे पर अतिक्रमण करने वाले छह दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सात दिन के नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर अब संबंधित दुकानदारों को दोबारा नोटिस जारी किए जाएंगे।
जाहू बस अड्डे के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास 18 जून को भोरंज विधायक सुरेश कुमार ने किया था। इस कार्य पर 56.93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। शिलान्यास के बाद निगम अधिकारियों के निरीक्षण में पाया गया कि कुछ दुकानदारों ने बस अड्डे की भूमि पर लोहे की सीढ़ियां बनाकर और नालियों पर कब्जा कर अतिक्रमण किया है।
निगम के अनुसार अतिक्रमण के कारण नवीनीकरण कार्य प्रभावित हो रहा है। पहले चरण में छह दुकानदारों को स्वयं कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय सीमा पूरी होने के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। अब निगम दोबारा नोटिस जारी कर आगामी कार्रवाई करेगा।
कोट
जाहू बस अड्डे के नवीनीकरण का कार्य प्रस्तावित है। पानी की निकासी के लिए नालियों को निर्माण किया जाना है। निगम ने करीब छह दुकानदारों को सात दिन में अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए थे। अब उन्हें दोबारा नोटिस दिए जा रहे हैं। इसके बाद अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-राहुल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी हमीरपुर डिपो