उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री यहां सुजानपुर के ब्यास पुल का निरीक्षण करते हुए (स्रोत:संवाद)।
सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को सुजानपुर पर ब्यास नदी पर बने पुल का निरीक्षण किया। पालमपुर दौरे से लौटते समय मुकेश अग्निहोत्री कुछ देर सुजानपुर में ब्यास नदी के पुल पर रुके और मरम्मत व सफाई कार्य का जायजा लिया। गत दिनों भारी बारिश के कारण पुल की एक तरफ की अप्रोच दीवार गिर गई थी, जिसके बाद पुल बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय चौधरी ने इस मौके पर उपमुख्यमंत्री को पुल के मरम्मत कार्य की स्थिति से अवगत करवाया। इस दौरान ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। अधीक्षण अभियंता ने उप मुख्यमंत्री को जिला हमीरपुर में बारिश से लोक निर्माण विभाग की सड़कों और पुलों को पहुंचे नुकसान की रिपोर्ट दी।
उन्होंने कहा कि बारिश के कारण करीब 55 से अधिक सड़कों को नुकसान पहुंचा था। मगर विभागीय कर्मचारियों ने दिन रात काम करते हुए 98 फीसदी सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया है। सुजानपुर की छह और भोरंज की दो सड़कों पर डंगे लगाने के बाद यातायात बहाल शुरू कर दिया जाएगा।
उधर, उपमुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और विभिन्न पेयजल योजनाओं को यथा शीघ्र बहाल करने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।