एनआईटी हमीरपुर में आयोजित जॉय आँफ फिजिक्स कार्यक्रम में उपस्थित विद्याथीZ। संवाद।
संस्थान के सभागार में वीरवार को जॉय ऑफ फिजिक्स कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। एनआईटी हमीरपुर के भौतिकी, फोटोनिक्स विज्ञान विभाग और इंडियन एसोसिएशन ऑफ फिजिक्स टीचर्स (आईएपीटी) क्षेत्रीय परिषद आरसी-23 की ओर से संयुक्त रूप से जॉय ऑफ फिजिक्स पर विशेष सत्र का आयोजन वीरवार को किया गया। आईएपीटी के राष्ट्रीय समन्वयक भौतिक विज्ञानी पद्मश्री प्रो. एचसी वर्मा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि आईएपीटी के अध्यक्ष और भौतिक विज्ञानी प्रो. पीके अहलूवालिया मौजूद रहे।
आईएपीटी से जुड़े हुए प्रदेशभर के स्कूलों के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। हिम-अन्प्रेषिका के समन्वयक दिनेश शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और उन्होंने अन्वेषिका की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। इस सेमिनार जॉय ऑफ फिजिक्स की प्रासंगिकता बताई। आईएपीटी आरसी 23 के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप कुमार शर्मा ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षकों से मौलिक अवधारणाओं के प्रयोगात्मक प्रदर्शन के माध्यम से भौतिकी पढ़ाने का आग्रह किया। कहा कि घर और स्कूल में आसानी से उपलब्ध होने वाली चीजों से बच्चों को कैसे भौतिकी समझाई जाती है, इसके प्रयोग भी कार्यक्रम में दर्शाए गए हैं। एनआईटी हमीरपुर की कुलसचिव डॉ. अर्चना संतोष नानोटी ने कहा कि नई शिक्षा नीति एनईपी 2020 के प्रयोगात्मक कौशल को विशेष स्थान दिया गया है। प्रो. पीके आहलूवालिया ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। डॉ. मुकुल ने छात्रों को विभिन्न प्रकाश अवधारणाओं से भौतिकी के अनूठे प्रयोग मंच से दर्शाए। इन प्रयोगों में पद्मश्री प्रो. एचसी वर्मा भी उनके साथ शामिल हुए। इस मौके पर एनआईटी हमीरपुर के निदेशक एचएम सूर्यवंशी, आईएपीटी के संस्थापक सदस्य प्रो. आरसी लखनपाल और प्रोफेसर एसके शर्मा सहित विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।