प्राथमिक शिक्षक संघ हमीरपुर के पदाधिकारी एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए। स्रोतसंघ
हमीरपुर। प्राथमिक शिक्षक संघ हमीरपुर का प्रतिनिधिमंडल विभिन्न समस्याओं को लेकर एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह से मिला। एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए संघ पदाधिकारियों ने नव परिसर प्रणाली पर जारी अधिसूचना के दिशा निर्देशों को वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा शिक्षा विभाग की ओर से 23 सितंबर को नई क्लस्टर प्रणाली पर एक अधिसूचना जारी की गई है। इससे पूर्व भी शिक्षा विभाग की ओर से 29 नवंबर 2023 को नए क्लस्टर निर्माण पर एक अधिसूचना जारी की गई थी।
अधिसूचना का प्राथमिक शिक्षक संघ ने विरोध किया था और वार्ता उपरांत प्राथमिक शिक्षा व प्राथमिक शिक्षकों के हितों को सुरक्षित रखते हुए 13 फरवरी, 2024 को संशोधित अधिसूचना जारी की थी।
इस अधिसूचना में बनाए गए क्लस्टर सिस्टम को रिसोर्स शेयरिंग तक सीमित रखने पर सहमति बनी थी, लेकिन 23 सितंबर को जारी अधिसूचना के दिशा निर्देशों में प्राथमिक शिक्षा का पूर्ण नियंत्रण व संचालन प्रधानाचार्यों को दे दिया गया है, जो कि प्राथमिक शिक्षकों के हितों के साथ कुठाराघात है।
इसी वर्ष राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में भी हिमाचल प्रदेश ने तीसरी कक्षा के सर्वेक्षण में राष्ट्र स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
यह सब प्राथमिक शिक्षा के अलग ढांचे तथा प्राथमिक शिक्षकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। इस अधिसूचना के उपरांत प्राथमिक शिक्षकों से पदोन्नत होने वाले मुख्य शिक्षकों, केंद्रीय मुख्य शिक्षकों और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी के प्रशासनिक शक्तियां व कार्य क्षेत्र सीमित रह जाएगा और भविष्य में यह पद निरर्थक हो जाएंगे। संवाद