प्रतिनिधिमंडल ने भोरंज के विधायक को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
अवाहदेवी (हमीरपुर)। विकास खंड टौणी देवी के तहत पड़ते कस्बे अवाहदेवी को पंचायत का दर्जा देने की मांग ग्रामीणों ने की है। रविवार को इस संदर्भ में अवाहदेवी के लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से एक ज्ञापन भी विधायक को सौंपा गया। धर्म सिंह वर्मा, कश्मीर सिंह, प्रदीप कुमार, विनोद कुमार, कर्मचंद आदि ने कहा कि दरअसल अवाहदेवी क्षेत्र विकास खंड टौणी देवी के तहत है और यह स्थान चार पंचायतों में बंटा हुआ है। इस कारण यहां पर कोई विकास कार्य करवाना हो तो चारों पंचायतें एक-दूसरे का मुंह ताकती हैं।
अवाहदेवी में करीब 1200 लोग हैं, लेकिन उनकी पंचायतें अलग-अलग हैं। करीब 800 मतदाता हैं, लेकिन यह सभी चार पंचायतों में विभाजित हैं। इन लोगों को पंचायत संबंधी अपने कार्य करवाने हों तो तीन से चार किलोमीटर दूर अपने-अपने पंचायत कार्यालयों की ओर रुख करना पड़ता है। यह चार पंचायतें चम्बोह, बगवाड़ा, कोट-लांगसां और दाड़ी हैं।
वहीं, प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए विधायक ने कहा कि अवाहदेवी को पंचायत बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशनी न हो और विकास कार्य भी हो सकें।
अवाहदेवी के लोगों का प्रतिनिधिमंडल विधायक सुरेश कुमार के साथ। स्रोत : ग्रामीण