पंचायत ने ग्रामीणों को मांग पर प्रस्ताव पारित कर खंड विकास अधिकारी भोरंज को भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज/जाहू (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की धमरोल पंचायत में दो और अलग-अलग पंचायतें बनाने का प्रस्ताव ग्रामीणों की मांग पर डाला गया। ग्रामीणों ने दो पंचायतें रोपड़ी-पल्ली और जोल-कोहटा को पंचायत बनाने की मांग प्रदेश सरकार, भोरंज के विधायक व पंचायती राज विभाग से की है।
धमरोल पंचायत की ग्राम सभा की बैठक में पंचायत प्रधान वीना देवी का अध्यक्षता में संपन्न हुई। पंचायत ने ग्राम सभा की बैठक में ग्राम पंचायत विकास योजना पर बुलाई थी। वर्तमान में धमरोल पंचायत के नौ वार्डों की करीब 6000 आबादी है। ग्रामीणों की मांग पर रोपड़ी-पल्ली अलग पंचायत बनाने की मांग की गई। इसमें ग्रामीणों ने रोपड़ी, पल्ली, सासन, व धीरड़ पंचायत के खुराहल गांव के कुछ भाग को नई पंचायत में शामिल करके पंचायत बनाने का प्रस्तावित पारित किया। इन गांवों की करीब 1000 आबादी बनती है।
वहीं, ग्रामीण कश्मीरी लाल, पुष्पा देवी, डॉ. चुनी लाल, मोहिंद्रपाल, जगदीश चंद, निर्मला देवी, रवि कुमार, कमला देवी व अन्य ने अलग पंचायत बनाने की मांग की। इस पर पंचायत ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है। जोल, कोहटा, दर और सरसोली के ग्रामीणों ने भी पंचायत घर में पहुंचकर अलग पंचायत बनाने की मांग की। धमरोल पंचायत के दो वार्ड इन गांवों में आते हैं। इन गांवों में पंचायत घर की दूरी तीन से पांच किलोमीटर पड़ती है। यहां ग्रामीण कई सालों से जोल-कोहटा पंचायत अलग बनाने की मांग कर रहे हैं।
जागृति एवं जन कल्याण समिति के अध्यक्ष कुलदीप चंद, ग्राम सुधार सभा कोहटा के अध्यक्ष गौरव सूबेदार देशराज, बलवंत सिंह आदि ने बताया कि जोल-कोहटा को अलग पंचायत बनाना बहुत जरूरी है। धमरोल पंचायत प्रधान वीना कुमारी और उपप्रधान विजय कुमार ने बताया कि पंचायत ने ग्रामीणों की मांग पर दो पंचायतों जोल-कोहटा और रोपड़ी-पल्ली को बनाने का प्रस्ताव डाला है। इसे खंड विकास अधिकारी भोरंज को प्रेषित किया गया है।