प्रवेश की प्रक्रिया को 31 दिसंबर तक बढ़ाने की उठाई मांग
आयु सीमा को बढ़ाने का निर्णय सरकार के हाथ में : अशोक
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले में अभिभावकों ने यूकेजी छात्रों की प्रथम कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया को 30 सितंबर से 31 दिसंबर तक बढ़ाने की मांग की है। हाल ही सरकार ने प्रथम कक्षा में प्रवेश की आयु सीमा साढ़े पांच साल 31 दिसंबर तक तय की है। अभिभावकों की मांग पर आयु सीमा में कुछ हद तक राहत दी गई थी लेकिन एजुकेशन हब हमीरपुर के अभिभावकों ने इस तिथि को 31 दिसंबर तक बढ़ाने की मांग उठाई है।
अभिभावकों विमला कुमारी, सुमन पटियाल, मीना, रमेश, अंकुश शर्मा, कश्मीर, निर्मला ने कहा कि बीते फरवरी माह मेें प्रदेश सरकार की ओर से लिए गए निर्णय के अनुसार उन विद्यार्थियों की आयु में एक बार छह महीने की छूट प्रदान की जा रही है, जिनकी आयु 31 मार्च 2024 तक साढ़े पांच वर्ष की हो रही है। इसके चलते ऐसे विद्यार्थी सीधे प्रथम कक्षा में प्रवेश लें सकेंगे। अभिभावकों का कहना है कि वे विद्यार्थी जो इस शैक्षणिक सत्र में यूकेजी पूरा कर चुके हैं जिनकी आयु 31 मार्च 2024 तक पांच वर्ष से अधिक, लेकिन साढ़े पांच वर्ष से कम है, उन्हें भी छूट का लाभ दिया जाना चाहिए। अभिभावकों का कहना है कि सरकार का यह निर्णय न सिर्फ विद्यार्थी की मानसिक अवस्था के संतुलन को प्रभावित करेगा, बल्कि अभिभावकों की जेब पर वित्तीय दबाव भी डालेगा। अभिभावकों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि सरकार इस आदेश को संशोधित कर छात्रों की प्रवेश प्रक्रिया को 30 सितंबर से 31 दिसंबर तक बढ़ा दे ताकि वंचित छात्र भी प्रथम कक्षा में प्रवेश ले सकें।
कोट
पहले छात्रों के प्रवेश की आयु सीमा छह वर्ष निर्धारित की गई थी। बाद में सरकार ने अपने इस आदेश को संशोधित कर आयु सीमा साढ़े पांच वर्ष निर्धारित की है। प्रवेश प्रक्रिया में आयु सीमा को बढ़ाने का निर्णय सरकार के हाथ में है।
अशोक कुमार, उप निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर