आटे की एक किलो की पैकिंग को ज्यादा खरीद रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला हमीरपुर के डिपुओं में मक्की के आटे की मांग बढ़ गई है। जिला में 80 क्विंटल से अधिक आटे की बिक्री हो गई है।
हालांकि प्रथम फेज में हमीरपुर के लिए 49 क्विंटल आटा आया था, लेकिन लोगों की मांग को देखते हुए 100 क्विंटल और मक्की के आटे का स्टॉक मंगवाया गया। जिला हमीरपुर के डिपुओं में राशन कार्ड उपभोक्ताओं को इसी माह से मक्की का आटा उपलब्ध करवाया जा रहा है। एक और पांच किलो की पैकिंग में मक्की का आटा प्राप्त हो रहा है।
एक किलो की पैकिंग वाला आटा 50 रुपये और पांच किलो की पैकिंग वाला आटा 250 रुपये में मिल रहा है। अधिकतर लोगों ने एक किलो की पैकिंग को खरीदा है। प्राकृतिक खेती में स्वरोजगार को बढ़ावा देने हेतु राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्टअप योजना के तहत दस जिलों से मक्का की खरीद का कार्य किया गया।
प्रदेश के लगभग 1508 किसानों से 3905 क्विंटल प्राकृतिक मक्का की खरीद की गई, जिसमें जिला हमीरपुर में 49 क्विंटल प्राकृतिक मक्की को खरीदा गया। इस मक्की को उगाने में न तो कीटनाशक डाला गया और न ही खाद डाली गई। जिला हमीरपुर में 1,48,039 राशन कार्डधारक हैं, जबकि 310 के करीब डिपो हैं।
इसी महीने से उचित मूल्य की दुकानों में मक्की का आटा उपलब्ध करवाया गया है। जिले में अब तक 80 क्विंटल से अधिक आटे की बिक्री हो चुकी है। एक किलो मक्की के आटा की कीमत 50 रुपये है। मांग को देखते हुए जिले के लिए 100 क्विंटल और आटा मंगवाया गया है, जिसकी बिक्री हो रही है।
-संजीव वर्मा, एरिया प्रबंधक, सिविल सप्लाई, हमीरपुर