गलोड़-हमीरपुर संपर्क सड़क पर बुधवी चौक के पास गिरा ल्हासा। संवाद
गलोड़ (हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग हमीरपुर के तहत आने वाले गलोड़-हमीरपुर मार्ग पर बुधवी चौक से आगे सड़क पर गिरा लहासा पांच दिन बाद भी नहीं हटाया गया है। सड़क के किनारे और मार्ग पर पड़ा मलबा वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
भारी बारिश के बाद पहाड़ी से ल्हासा सड़क पर आया था, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी इसे हटाने के लिए विभाग की ओर से कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीण सुखवीर, सुरिंदर, संजू, विजु, सोनू, दिनेश, अर्पित और कमल आदि ने कहा कि भारी बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और लहासा गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।
ऐसे में मुख्य सड़कों से मलबा हटाना लोक निर्माण विभाग की प्राथमिकता रहती है। गलोड़-हमीरपुर सड़क पर बुधवी चौक से आगे ल्हासा गिरने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
सड़क पर पड़े मलबे से मार्ग की चौड़ाई प्रभावित हो रही है और सामने से वाहन आने पर चालकों को सावधानी से निकलना पड़ रहा है। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं और यह हमीरपुर व आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण सड़क है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर कई दिनों तक मलबा पड़ा रहना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने जल्द लहासा हटाकर यातायात सुचारु करने की मांग की है।
कोट
ल्हासा गिरने की समस्या ध्यान में है। कर्मचारियों को मौके पर भेजकर समस्या का समाधान करवाया जाएगा, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना न करना पड़े।
-संजय कटोच, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग हमीरपुर