हमीरपुर। तहसील कार्यालय हमीरपुर में तैनात ऑफिस कानूनगो का मंगलवार को ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। कार्यालय का काम करते मंगलवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे दिल का दौरा पड़ा। पहले तो किसी को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन जब अन्य कर्मचारियों ने अचानक तबीयत बिगड़ती देखी तो तहसीलदार को सूचित किया। इसके बाद कानूनगो को तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने कानूनगो को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कानूनगो दो साल बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे।
अशोक कुमार निवासी मौंही डाकघर डुग्घा करीब सात महीने से तहसील हमीरपुर में ऑफिस कानूनगो के पद पर सेवाएं दे रहे थे। रोजाना की तरह वह मंगलवार को भी कार्यालय पहुंचे। कार्यालय का कार्य करते हुए सुबह करीब 11:30 बजे उन्हें सीने में दर्द शुरू हुआ। कुर्सी पर बैठे-बैठे ही दिल का दौरा पड़ गया। अचेत अवस्था में अन्य कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। तहसीलदार राजीव ठाकुर ने बताया कि अशोक कुमार मेहनती इंसान थे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की यथासंभव सहायता की जाएगी।