बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बणी के कन्यान गांव के जंगल के नाले से शव बरामद किया गया है। व्यक्ति की उम्र लगभग 65 वर्ष बताई जा रही है। गांव के ही किसी व्यक्ति ने नाले में शव पड़े होने की सूचना पुलिस तक पहुंचाई है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। छानबीन करते हुए पाया गया कि पुलिस थाना बड़सर में इसी हुलिये से मिलते-जुलते एक शख्स की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। 12 मार्च को गद्दी समुदाय के लोगों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उनका एक 65 वर्षीय बुजुर्ग गायब है।
उस दौरान काफी खोजबीन के बाद भी पुलिस उसे ढूंढने में सफल नहीं हो पाई थी। अब शव की बरामदगी के बाद पुलिस ने गद्दी समुदाय के लोगों से संपर्क साध कर उन्हें शव की शिनाख्त के लिए बुलाया है। एसएचओ बड़सर मस्त राम नाइक के अनुसार एक व्यक्ति की लाश बरामद हुई है। जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शिनाख्त के लिए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने वाले लोगों को बुलाया गया है।