नादौन रंगस (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत ब्यास नदी के किनारे बटाली क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। इस शव की पहचान बाजू पर बने टैटू से हुई।
जानकारी के अनुसार शव मिलने की सूचना मिलते ही नादौन पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं, कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने ब्यास नदी से शव को बाहर निकालने में सफलता हासिल की है। उफनती ब्यास नदी से शव को निकालने में कंपनी कमांडर होमगार्ड प्रीतम चंद व उनकी टीम ने भी पुलिस की सहायता की। इस संबंधी थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने कहा कि अज्ञात शव के दाहिने बाजू पर टैटू था और अंग्रेजी में आईडी लिखा हुआ था। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपील की कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान करने में पुलिस की सहायता कर सकता है तो मोबाइल नंबर 7876916808 पर तुरंत संपर्क करें। इसके चलते देर शाम शव की पहचान हो पाई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय इंद्र देव पुत्र झावे राम निवासी पंगलुर, डाकघर सैंज, तहसील गोहर, जिला मंडी के रूप में हुई है। संवाद