शादी में वेद लगाने गए अधेड़ का शव गसोती खड्ड में मिला
प्रथम दृष्टि से फिसलकर गिरने के कारण मौत होने का अंदेशा
परिजनों ने नहीं जताया कोई शक, पुलिस ने करवाया पोस्टमार्टम
पेशे से शादियों में वेद लगाने का करता था कार्य, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत ग्राम पंचायत भिड़ा के हलाणा गांव के साथ गसोती खड्ड में एक अधेड़ का शव मिला है। अधेड़ पेशे से शादियों में वेद लगाने का कार्य करता था और मंगलवार को ठाणा गांव में वेद लगाने के लिए गया था। वहीं, पुलिस ने सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टि से व्यक्ति की फिसलकर खड्ड में गिरने से मौत होने का अंदेशा है। परिजनों ने कोई शक नहीं जताया है।
मंगलवार को हलाणा गांव निवासी किशोरी लाल (48) पुत्र जयचंद ठाणा गांव में आयोजित शादी समारोह में वेद लगाने गया था। रात को वह शादी से घर के लिए रवाना हो गया, लेकिन घर नहीं पहुंचा। सुबह स्थानीय लोगों ने उसके शव को खड्ड में देखा और परिजनों व पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी सदर थाना से एसआई बलदेव सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।