जाहू/भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत पड़ते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लदरौर की पिछली तरफ चार दिन से लापता एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त कर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है। जहां मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। वहीं, मृतक के शरीर पर किसी तरह के भी निशान नहीं मिले हैं। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
जगदेव चंद (40) पुत्र धनी राम निवासी गांव लदरौर खुर्द बीती 13 दिसंबर को घर से गया और उसके बाद नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और दोस्तों से भी बात की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। 15 दिसंबर को परिजनों ने भोरंज थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद पुलिस छानबीन में जुटी, लेकिन सोमवार दोपहर को पुलिस को लदरौर स्कूल के पीछे शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त में शव लापता जगदेव चंद का निकला। जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा है। थाना प्रभारी भोरंज कुलवंत सिंह का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोटें या घाव नहीं हैं। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।