उपायुक्त हरिकेश मीणा जिला कोविड केयर सेंटर डुग्घा का औचक निरीक्षण करते हुए।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने शनिवार को जिला कोविड केयर सेंटर डुग्घा का औचक निरीक्षण किया और वहां प्रदत्त सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ जिला कोविड केयर सेंटर में लाए जाने वाले रोगियों के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की।
उपायुक्त ने कोविड-19 प्रोटोकॉल के अंतर्गत यहां सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं के तहत कार्य करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए। उन्होंने यहां सेवारत डॉक्टर एवं अन्य स्टाफ तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों (पीपीई किट्स) इत्यादि के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। केंद्र में संक्रमण फैलने से रोकने के लिए किए गए उपायों एवं बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं समुचित निस्तारण पर भी चर्चा की गई। परिसर की नियमित साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को कहा। उन्होंने यहां टेलीविजन की सुविधा प्रदान करने का भी सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त विद्युत व पेयजल आपूर्ति सहित शौचालयों इत्यादि की समुचित व्यवस्था और इनमें स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व केंद्र का स्टाफ भी उपस्थित रहा।
---