ऊना। शहर के बीच स्थित एमसी पार्क में लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। पार्क परिसर में स्थापित बिजली के खंभों पर लगाए गए विद्युत बॉक्स खुले ही छोड़ दिए गए हैं। इन खुले छोड़े गए बॉक्सों में बिजली के तार और अन्य उपकरण साफ नजर आते हैं। इससे पार्क में आने वाले लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निगम प्रशासन की इस लापरवाही के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
एमसी पार्क में शहर के लोग सुबह और शाम सैर और व्यायाम करने के लिए निकलते हैं। प्रतिदिन सैकड़ों लोग यहां टहलते हैं। बच्चों को खेलते समय पार्क के विभिन्न हिस्सों में दौड़ना और बिजली के खंभों के आसपास पहुंचना आम बात है। ऐसे में खुले पड़े बिजली के बॉक्स और बाहर दिखाई दे रहे तार किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिजली बॉक्स लंबे समय से खुले पड़े हैं लेकिन निगम प्रबंधन की ओर से इन्हें ठीक करवाने के लिए कोई विशेष प्रयास नहीं किए गए हैं। बरसात के मौसम को देखते हुए लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
एमसी पार्क शहर का मुख्य पार्क है। पार्क में बच्चों के खेलने के लिए झूले लगे हैं। साथ ही पार्क में ओपन एयर जिम भी है। ऐसे में बिजली के तारों के बाॅक्स खुले होने से हमेशा हादसे का खतरा रहता है। इसे प्रबंधन को जल्द दुरुस्त करवाना चाहिए। -विशाल शर्मा, स्थानीय निवासी
बरसात के दिनों में बिजली के बॉक्स खुले होने से हमेशा करंट लगने का खतरा मंडरा रहा है। यह लापरवाही कभी भी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। इस समस्या का स्थायी हल निकाला जाना चाहिए। -आशीष सहोड़, स्थानीय निवासी
एमसी पार्क में खुले पड़े बिजली के बॉक्सों को सही ढंग से लगाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। -पृथी पाल सिंह, आयुक्त नगर निगम ऊना