हमीरपुर। औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी के दैनिक भोगी कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। महाविद्यालय में करीब 150 कर्मचारी हैं। वेतन विसंगति को दूर करने की मांग लेकर सोमवार को यूनियन का प्रतिनिधिमंडल सीटू जिला पदाधिकारियों की अगुवाई में डीन प्रो. कमल शर्मा से मिला। कर्मचारियों ने बताया कि कई बार वेतन तीन माह बाद डाला जाता है और दूसरी तरफ उनके वेतन से ईपीएफ की कटौती होती है, पर उनके खातों में इपीएफ नहीं डाला जाता है।
कर्मियों के अंदर इस शोषण के खिलाफ भारी रोष है। इस दौरान वेतन और ईपीएफ की समस्या के समाधान की गुहार लगाई। महाविद्यालय डीन ने आगामी 10 दिन तक इन समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दिया है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर इन मांगों पर गौर नहीं किया गया और कर्मियों का शोषण नहीं रोका तो मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा।