सुजानपुर(हमीरपुर)। थाना क्षेत्र सुजानपुर के तहत स्थानीय शहर के वार्ड नंबर चार में एक दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। शातिरों ने शनिवार देर रात दुकान का शटर तोड़कर भीतर प्रवेश किया और गल्ले में रखी 25 हजार रुपये की नकदी चुरा ली।
घटना का पता रविवार सुबह उस समय चला, जब दुकानदार सतीश कुमार, निवासी वार्ड नंबर चार, पानी भरने के लिए दुकान की ओर जा रहे थे। उन्होंने देखा कि दुकान का शटर खुला हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर गल्ले में रखी लगभग 25 हजार रुपये की नकदी गायब पाई गई, जबकि अन्य सामान सुरक्षित था।
सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
वहीं, एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।