हमीरपुर जिले की सीएसडी कैंटीनों को कैशलेस करने की मुहिम शुरू हो गई है। एक फरवरी से जिले भर की सीएसडी कैंटीनों में स्वाइप मशीनें लगाने की तैयारी है। ऑनलाइन लेनदेन के लिए डिफेंस विभाग ने यह प्रस्ताव तैयार किया है। सीएसडी कैंटीन प्रबंधक हमीरपुर ने पंजाब नेशनल बैंक को एक दर्जन स्वाइप मशीनों की डिमांड भेज दी है।
जिला मुख्यालय हमीरपुर समेत जिले भर में आधा दर्जन से अधिक एक्सटेंशन काउंटर और तीन मोबाइल कैंटीनें हैं। मोबाइल कैंटीनों के जरिये पूर्व सैनिकों और सेवारत सैनिकों के परिवारों को घरद्वार पर सस्ती दरों पर घरेलू उपयोग की वस्तुएं एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। वर्तमान में जिला में 22 हजार से अधिक पूर्व सैनिक और सेवारत सैनिकों को सीएसडी कैंटीन के कार्ड जारी किए गए हैं। यह तमाम परिवार हमीरपुर, सुजानपुर, संधोल, कक्कड़, समीरपुर, बस्सी, नादौन और ईसीएचएस हमीरपुर में स्थापित सीएसडी के एक्सटेंशन काउंटर पर रोजमर्रा की वस्तुएं एवं खाद्य सामग्री खरीद रहे हैं। वर्तमान में जिला मुख्यालय की मुख्य सीएसडी कैंटीन में एक स्वाइप मशीन लग चुकी है, जबकि दो और स्वाइप मशीनों की डिमांड भेजी जा चुकी है। जिले भर की सीएसडी कैंटीनों में स्वाइप मशीनें लगने से उपभोक्ताओं को कैश लेकर खरीददारी करने की झंझट से छुटकारा मिलेगा। उपभोक्ता डेबिट और क्रेडिट कार्ड से ही भुगतान कर सकेंगे।
उधर, सीएसडी कैंटीन हमीरपुर के प्रबंधक रघुवीर सिंह ने कहा कि जिले भर के सीएसडी कैंटीन एक्सटेंशन काउंटर पर स्वाइप मशीन लगाने के लिए पीएनबी बैंक को डिमांड भेज दी गई है। एक फरवरी से स्वाइप मशीनें लगने की उम्मीद है।