मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कर्मचारी तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को 40 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। मंदिर में चैत्र माह मेले शुरू होने में तीन दिन का समय शेष बचा है । मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़नी शुरू हो गई है। रविवार के दिन सुबह सवेरे ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लाइनें लगनी शुरू हो गई। दिनभर पौणहारी के जयकारों के साथ श्रद्धालु कतारों में लगकर दर्शनों के लिए आगे बढ़ते रहे। हर वर्ष 14 मार्च से 13 अप्रैल तक बाबा बालक नाथ मंदिर में चैत्र माह के मेले चलते हैं। लाखों की संख्या में श्रद्धालु इस दौरान शीश नवाते हैं।
मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास अध्यक्ष व एसडीएम बड़सर राजेंद्र गौतम एवं मंदिर अधिकारी संदीप चंदेल ने निजी तौर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैरियर नंबर दो पर यातायात को सुचारु करवाने के लिए कर्मचारियों को निर्देश देते रहे। वहीं मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कर्मचारी तैनात किए गए। वर्तमान में मंदिर में मेलों के तैयारी भी युद्ध स्तर पर चल रही है। ऐसे में श्रद्धालु श्रमदान, लंगर सहित विभिन्न कार्यों और सरायों में ठहराव को लेकर बुकिंग करवाने के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं ताकि मेलों के दौरान उन्हें किसी भी प्रका की परेशानी का सामना न करना पड़े। न्यास की ओर से मंदिर परिसर में एलईडी स्क्रीनें लगवा दी गई हैं। एलईडी स्क्रीनों के माध्यम से श्रद्धालु 24 लाइव माध्यम से पौणाहारी के दर्शन कर सकेंगे।
कोट
रविवार के चलते मंदिर में 40 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए न्यास की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए ताकि दर्शनों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मंदिर में चैत्र मास मेलों की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
राजेंद्र गौतम, न्यास अध्यक्ष व एसडीएम बड़सर