नादौन। नगर पंचायत नादौन के कार्यालय परिसर के निकट बुधवार को एक मरा हुआ कौवा मिलने से स्थानीय दुकानदारों व लोगों में दहशत फैल गई। सुबह सवेरे जैसे ही लोगों ने अपने दैनिक कार्य आरंभ किए, किसी ने यहां स्थित पटवार घर के पिछली ओर एक मरा हुआ कौवा देखा। इसके बाद यहां अन्य लोग भी पहुंच गए। हालांकि, इस संबंध में किसी ने भी विभाग को सूचना नहीं दी और कुछ समय बाद किसी व्यक्ति ने इसे मौका से हटा दिया। अब विभाग उस व्यक्ति की तलाश में जुट गया है जिसने इस मृत कौवा को मौका से हटाया।
उपमंडल पशु चिकित्सालय नादौन के प्रभारी डॉ. संदीप पाटिल ने लोगों से आग्रह किया है कि ऐसा कोई भी पक्षी मृत मिले तो इसे बिना छुए इसकी सूचना विभाग को दें। विभाग द्वारा क्षेत्र भर में पक्षियों के सैंपल लिए जा रहे हैं और इन्हें आगे लैब में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तक भेजे गए सभी सैंपल ठीक पाए गए हैं। पाटिल ने कहा कि क्षेत्र भर में पोल्ट्री फार्म तथा मीट शॉप आदि में भी विभाग की ओर से सैंपल लिए जा रहे हैं।