ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत।
- फोटो : demo pics
पुलिस थाना भोरंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत टिक्करी मिन्हासा के खतरबाड़ गांव में मक्की की बिजाई के दौरान ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
राजेश कुमार (47) पुत्र ब्रह्मदास निवासी भलवाणी मंगलवार सुबह खतरबाड़ गांव में लोगों के खेतों में मक्की की बिजाई कर रहा था। करीब 9 बजे एक खेत की बिजाई कर राजेश कुमार ट्रैक्टर लेकर दूसरे खेत के लिए चढ़ाने लगा। इस दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में राजेश कुमार ट्रैक्टर के नीचे दब गया। इसके चलते राजेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि ग्रामीण राजेश को भोरंज अस्पताल ले गए, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।