पुलिस थाना सुजानपुर के अंतर्गत कंगरी के पास एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक-परिचालक सहित सात लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया।
सभी घायलों का क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। निजी बस शनिवार सुबह करीब 11 बजे कंगरी से हमीरपुर आ रही थी। बस जैसे ही कंगरी से करीब एक किलोमीटर दूर रोपा पहुंची तो मोड़ काटते समय बस की कंडक्टर साइड की जंपिंग रॉड टूट गई।
इसके चलते चालक ने बस से नियंत्रण खा दिया और बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। बस करीब 30 फीट नीचे जाकर पलट गई। हादसे में रीना (23) निवासी कंगरी, सपना (30) निवासी कंगरी, कुमकुम (13) निवासी कंगरी, निर्मल सिंह (48) निवासी अकराणा, बड़सर और विपिन कुमार (30) निवासी कंगरी को चोटें आई हैं।
इन्हें प्राथमिक उपचार को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में भर्ती करवाया गया जबकि दो अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई है जो हादसे के बाद मौके से चले गए। गनीमत रही कि शनिवार को अवकाश के चलते बस में सवारियां कम थीं वरना कोई बड़ी अप्रिय घटना हो सकती थी।
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना उन्होंने 108 एंबुलेंस को दी। लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकाला। कुछेक घायल अपने निजी वाहनों में प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल चले गए जबकि शेष दो घायलों का 108 एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
- अजय सिंह बौद्ध, एसपी, हमीरपुर
108 एंबुलेंस के पहुंचने तक कुछेक घायलों को उनके परिजन निजी वाहनों में अस्पताल ले गए। दो घायलों को 108 एंबुलेंस से क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया।
- राकेश कुमार, इंचार्ज 108, हमीरपुर