पुलिस चौकी बिझड़ी के अंतर्गत सठवीं के एक व्यक्ति को बचाने पहुंचे युवक को दो लोगों ने पीट-पीटकर कर लहूलुहान कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग गए। प्राथमिक उपचार के लिए घायल को क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में भर्ती करवा दिया है।
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। रंगीला राम पुत्र पुन्नू राम ने शिकायत दर्ज करवाई है कि रविवार शाम वह अपने खेतों में काम कर रहा था। इस दौरान उसके गांव में मुकेश कुमार और बलदेव सिंह ने उसके साथ अकारण मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान जब वह चिल्लाया तो चमन लाल पुत्र रंगीला राम मौके पर उसे बचाने पहुंचा। इस दौरान उन्होंने चमन लाल से भी मारपीट की जिसमें चमन लहूलुहान हो गया। वारदात के बाद मुकेश और बलदेव सिंह मौके से भाग गए।
रंगीला राम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएचओ बड़सर मुकेश कुमार का कहना है कि रंगीला राम की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। घायल चमन का जिला अस्पताल में मेडिकल करवा लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।