हमीरपुर। पुलिस चौकी भोटा के अंतर्गत पड़ते सलौणी कस्बा में अज्ञात लोगों ने दो युवकों पर तेजधार हथियारों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इनमें से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए बड़सर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घायलों के बयान लेकर मामला दर्जकर लिया है।
मंगलवार देर शाम कुछ अज्ञात लोगों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर उन्हें बुरी तरह से घायल कर दिया। इस हमले में गोल्डी ठाकुर पुत्र रमेश चंद गांव सठवीं और संदीप ठाकुर पुत्र जैमल सिंह गांव गोड़ी घायल हुए हैं। इनमें से एक युवक के पेट में उक्त लोगों ने स्क्रू ड्राइवर (पेचकस) घुसा दिया। इस कारण युवक का मौके पर ही बहुत खून बह गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचित कर युवकों को अस्पताल पहुंचाया। युवकों पर हमला करने के बाद अज्ञात लोग घटनास्थल से फरार हो गए। स्क्रू ड्राइवर से घायल हुए गोल्डी ठाकुर की हालत काफी नाजुक है और संदीप के सिर व मुंह पर गहरी चोटें आई हैं। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर रमन कुमार मीणा का कहना है कि पुलिस ने घायलों का बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन जारी है।