हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर के वार्ड नंबर तीन प्रतापनगर स्थित एक घर से शातिर सोने के गहनों पर हाथ साफ कर गए हैं। प्रारंभिक जांच में गहनों की कीमत साढ़े चार लाख के करीब बताई जा रही है। बुधवार देर शाम तक पुलिस की जांच पड़ताल जारी रही। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चोरी हुए अन्य सामान का पता चल पाएगा।
घटना की रात पीड़ित परिवार के सदस्य मंडी जिले में अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे। परिवार का मुखिया प्रदेश से बाहर एक निजी कंपनी में काम करता है। जो आजकल छुट्टी पर घर आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। यह घटना सोमवार और मंगलवार रात की बताई जा रही है। इससे पहले सुजानपुर में एक क्विंटल तांबे की तार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस रिमांड में यह तांबा आईपीएच विभाग का निकला है। अब नये साल के दूसरे हफ्ते में जिला मुख्यालय में दूसरी चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और शीघ्र ही मामले के पटाक्षेप का दावा किया है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने कहा कि प्रतापनगर में चोरी की शिकायत पुलिस को मिली है। घटना के समय परिवार को कोई भी सदस्य घर पर नहीं था।
बाक्स:
सीसीटीवी लगाएं और बैंक लॉकर में रखें गहनें : एएसपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने जिले के लोगों से आग्रह किया है कि घर पर जरूरत से अधिक नकदी न रखें। इसके साथ ही आभूषणों को बैंक के लॉकर में रखा जाए। वहीं, अगर कोई परिवार अपने घर पर नकदी और आभूषण रखना चाहता है तो वह घर पर अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाएं। इसके साथ ही आसपास रहने वाले प्रवासियों को थाना में पंजीकरण के लिए प्रेरित करें। कई बार लोग अपने घर को लावारिस छोड़ कर चले जाते हैं। चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए लोगों को खुद भी आगे आना चाहिए।