गंभीर घायल को नादौन से टांडा अस्पताल किया रेफर
नादौन पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की मामले की तफ्तीश
अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। स्थानीय कस्बे के तहत ब्यास पुल पर कार की ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर होने से कार सवार दो लोग बुरी तरह घायल हो गए। इन्हें पुल से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपनी गाड़ी में नादौन अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक व्यक्ति को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कार सवार राकेश कुमार पुत्र रोशन लाल निवासी गांव दंगड़ी ने कहा कि शुक्रवार रात को वह अपने ही गांव के मंजीत कुमार पुत्र मुंशी राम के साथ कार में सवार होकर एक बारात में निकटवर्ती गगड़ूही गांव जा रहे थे। दंगड़ी से चल कर जैसे ही वह नादौन पुल पर पहुंचे उनकी कार अनियंत्रित हो कर सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर से गलत दिशा में जा टकराई। इससे वह घायल हो गए। इन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नादौन अस्पताल लाया गया। जहां मंजीत कुमार की गंभीर हालत को गंभीर देखते हुए उसे टांडा लाया गया। मंजीत को अब टांडा से पीजीआई ले जाया गया है। इस संबंध में थाना प्रभारी नादौन महेंद्र परमार ने कहा कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।