नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत नादौन-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भट्ठा गांव के पास सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आने से एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वीरवार को सूलां देवी (65) निवासी गांव चमनेड़ जिला हमीरपुर अपने पति किशोरी लाल के साथ भट्ठा में चर्म रोग की दवाई लेने आई थी। मृतका के पति किशोरी लाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ भट्ठा गांव में चर्म रोगों की दवाई देने वाले वैद्य के पास जा रहे थे।
उन्होंने कहा कि बस से उतरकर जब दोनों सड़क पार करने लगे तो पत्नी बाइक की चपेट में आ गई। किशोरी ने कहा कि सूलां देवी को 108 एंबुलेंस में हमीरपुर अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हमीरपुर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने सूलां देवी को मृत घोषित कर दिया। उधर, बाइक चालक गोपाल चंद पुत्र मिल्खी राम निवासी गांव गद्दी धार ग्वारड़ू जिला हमीरपुर ने कहा कि वह लुधियाना से अपने घर बाइक पर जा रहा था। भट्ठा गांव में सड़क पार करते हुए वृद्धा बाइक की चपेट में आ गई। इस संबंध में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह परमार ने कहा कि शव पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा दिया है। मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।