हमीरपुर।
पुलिस थाना हमीरपुर के तहत पड़ते डिडवीं टिक्कर कस्बा में तेज रफ्तार कार ने वृद्ध को टक्कर मार दी। इस हादसे में वृद्ध अनिरुद्ध डोगरा घायल हो गए। उनका उपचार क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा है।
डिडवीं टिक्कर के दुकानदार सुनील कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार शाम करीब पौने आठ बजे वह दुकान के बाहर खड़ा था। इस दौरान तेज रफ्तार कार हमीरपुर की तरफ से आई और सड़क के किनारे पैदल जा रहे अनिरुद्ध डोगरा को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद कार चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। यह हादसा कार चालक की तेज रफ्तारी और लापरवाही के कारण हुआ है। घायल वृद्ध के सिर, बाजू और टांगों में चोटें आई हैं। इनका इलाज क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा का कहना है कि मामला दर्जकर छानबीन जारी है।