टौणी देवी (हमीरपुर) पुलिस चौकी टौणी देवी के अंतर्गत आते बाजार में एक ही रात चार अलग-अलग दुकानों के ताले तोड़ शातिर करीब दो लाख रुपये से अधिक का सामान व नकदी उड़ा ले गए हैं। एक कपड़े और तीन खाद्य वस्तुओं की दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस चौकी टौणी देवी में चोरी की शिकायत दर्ज करवा दी है। तिलक राज बहल ने बताया कि उन्होंने अपनी दुकानें रविवार शाम को बंद की थीं, लेकिन सोमवार सुबह दुकानों के ताले टूटे पड़े थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। टौणी देवी कस्बे में मंदिर के सामने तिलक क्लाथ हाउस, बारीं मंदिर में देव राज, गांव झनिक्कर बस स्टैंड पर बलवंत चौहान और संजीव कुमार की दुकानों की ताले शातिरों ने तोड़े हैं। चोरों ने नकदी व कपड़ों पर हाथ साफ किया है। चोर तिलक क्लाथ हाउस से लगभग डेढ़ लाख रुपये की कीमत के कपड़े और 7 हजार नकदी पर हाथ साफ कर गए हैं। बारीं मंदिर में देव राज की दुकान से 4 हजार नकदी व दुकान का लगभग 5 हजार का सामान चोरी हुआ है। झनिक्कर में संजीव कुमार की दुकान से 3 हजार नकद और ठंडे की बोतलें आदि चोरी हुई हैं। वहीं बलवंत सिंह चौहान की दुकान से 25 हजार की नकदी व सामान चोरी हुआ है। इससे पहले टौणी देवी कस्बे में माया गारमेंट की दुकान में चोरी हो चुकी है। कस्बे में पुलिस चौकी के बावजूूद चोर आसानी से कस्बे की दुकानों में चोरी कर रहे हैं। ये सभी दुकानें एनएच किनारे हैं, जहां वाहनों की आवाजाही अकसर लगी रहती है। इस बारे में पुलिस चौकी प्रभारी ज्ञान चंद वर्मा ने कहा कि केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।