हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत गांव तरोपका में एक भतीजे ने थप्पड़ मारकर चाचा के कान का पर्दा फाड़ दिया। घटना बीती नौ मार्च की है, लेकिन पीड़ित का मेडिकल करवाने के बाद आई रिपोर्ट में चिकित्सक ने इसे गंभीर चोट बताया है। जिस पर पुलिस ने भादंसं की धारा 323 और 325 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना सदर में पीड़ित युद्धवीर सिंह निवासी तरोपका ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसने अपने भतीजे से शुगर की दवाई मंगवाई थी। जिस पर उसने भतीजे रमन कुमार को 152 रुपये दिए। लेकिन रमन वह दवाई नहीं लाया और जब उसने रमन से पैसे लौटाने को कहा तो उसने थप्पड़ जड़ दिए। नौ मार्च को शिकायत दर्ज हुई और 24 मार्च को गंभीर चोट के कारण पुलिस ने धारा 323 और 325 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर का कहना है कि शिकायत के बाद पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल करवाया था। 24 मार्च को मेडिकल रिपोर्ट में गंभीर चोट आने के कारण भादंसं की धारा 323 और 325 के तहत मामला दर्ज किया गया है।