नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के तहत पड़ते थाई दा मोड़ के पास पुलिस ने एक स्कूटी सवार से 11.158 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी जलालदीन निवासी जंदली राजपूतां पंचायत रंगस को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी नादौन महेंद्र सिंह ने बताया कि थाई दा मोड़ के पास एनएच-88 नादौन हमीरपुर सड़क पर वीरवार रात्रि लगाए गए नाके में जब एक स्कूटी सवार व्यक्ति को तलाशी के लिए रोका गया तो उसकी स्कूटी की डिक्की से 11 पैकेटों में 11 किलो 158 ग्राम चूरा पोस्त (भुक्की) पाई गई। उन्होंने बताया कि चूरा पोस्त को स्कूटी सहित कब्जे में लेकर आरोपी जलालदीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस बारे में भी छानबीन कर रही है कि ऐसे नशीले पदार्थ कहां से आ रहे हैं और कहां सप्लाई किए जा रहे हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एसपी हमीरपुर रमन कुमार मीणा का कहना है कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का कारोबार करके युवाओं को पथभ्रष्ट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दे दिए हैं।