हमीरपुर। सदर थाना के तहत पुलिस ने शुक्रवार शाम को एक प्रवासी युवक से हथली खड्ड पुल के पास 267 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद किया है। स्थानीय बाजार में इस खेप की कीमत करीब साढ़े आठ लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
सदर थाना की स्पेशल इनवेस्टिगेशन यूनिट की टीम मुख्य आरक्षी नरेश कुमार की अगुवाई में शुक्रवार शाम को भोटा चौक क्षेत्र में गश्त और यातायात चेकिंग पर थी। इस टीम में आरक्षी योगेश, ललित, राजेश मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस की टीम जब हथली खड्ड पुल के पास पहुंची तो दोसड़का की तरफ से आ रहा एक प्रवासी युवक पुलिस को देखकर घबराया। पुलिस की टीम ने शक होने पर उक्त युवक को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से तीन अलग-अलग पुड़ियों मे 267 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी युवक की पहचान बबलू भगवान शंकर पुत्र लाला राम निवासी गांव मदन जुड़ी, डाकघर व तहसील बसौली जिला बदायूं उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है।
वहीं जिला हमीरपुर के युवा स्मैक के नशे की चपेट में हैं। स्मैक की यह खेप प्रदेश के बाहर से हिमाचल में आ रही है। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार शाम को पकड़ा गया आरोपी नशा माफिया को छोटी-छोटी पुड़ियां सप्लाई करता था। सदर पुलिस ने बीते दस दिनों में 524.61 ग्राम स्मैक बरामद की है। इनमें बीते सप्ताह राजकीय उच्च पाठशाला डुग्घा के पास एक युवक से 153 ग्राम, अणु खुर्द के पास दो युवकों से 81 ग्राम, अणु खुर्द के पास दो युवकों से 16.29 ग्राम, एक युवती से 7.32 ग्राम स्मैक बरामद की। जबकि शुक्रवार शाम को हथली खड्ड पुल के पास से 267 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
थाना प्रभारी सदर संजीव गौतम ने कहा कि शुक्रवार शाम को पुलिस की टीम ने एक प्रवासी युवक से 267 ग्राम स्मैक बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। बीते दस दिनों में पुलिस ने स्मैक की भारी खेप पकड़ी है। एसपी रमन कुमार मीणा का कहना है कि जिले में नशा माफिया की धरपकड़ के लिए पुलिस सक्रिय है। नशा निवारण समितियों की सदस्यता ग्रहण कर लोग पुलिस को नशा माफिया की सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।