सुजानपुर/हमीरपुर। पुलिस थाना सुजानपुर और हमीरपुर के तहत तीन लोगों ने जहर खा लिया। इनमें से दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक महिला अभी तक अस्पताल में उपचाराधीन है। जिसका मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में इलाज चल रहा है। मृतकों में सुजानपुर की महिला और हमीरपुर का अधेड़ शामिल है। सुजानपुर पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। वीरवार को महिला के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में होगा।
अंतिमा सूद पत्नी स्वर्गीय अतुल सूद निवासी वार्ड नंबर 8 मोहल्ला ब्रह्मपुरी सुजानपुर ने बुधवार सुबह कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। इस कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन और लोग उसे सुजानपुर अस्पताल ले आए। जहां से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। टांडा जाते समय महिला की रास्ते में मौत हो गई। महिला के पति की चार माह पूर्व बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि महिला मानसिक तौर पर तनाव में थी और दवाइयां खाती थी। बुधवार सुबह उसने दवाई का सेवन करते समय गलती से कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला अपने पीछे बुजुर्ग सास और दो बेटे छोड़ गई है। एक बेटा दसवीं में पढ़ता है, जबकि दूसरा बीटेक की पढ़ाई करता है। थाना प्रभारी श्यामलाल का कहना है कि मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। वीरवार को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में शव का पोस्टमार्टम होगा।
वहीं जहर खाने से मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में उपचाराधीन दो मरीजों में से एक की मौत हो गई। जबकि दूसरे की जान बच गई। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक अधेड़ और एक महिला के परिजन दोनों को जहरीला पदार्थ निगलने की शिकायत लेकर अस्पताल लाए। जहां पर अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला की हालत में उपचार के बाद सुधार आया है। एसएचओ सदर संजीव गौतम का कहना है कि पुलिस को ऐसी कोई भी सूचना नहीं मिली है। जबकि मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन विभाग के समन्वयक डा. हरजीत का कहना है कि बुधवार सुबह दो मरीज जहरीला पदार्थ निगलने की शिकायत लेकर आए थे। जिनमें से एक की मौत हो गई है। जबकि एक अन्य का अस्पताल में उपचार चल रहा है।