जाहू(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज का एक युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हुआ है। युवक ने ऑनलाइन शॉपिंग के जरिये मोबाइल फोन मंगवाया था। रविवार को जब पार्सल युवक के पास पहुंचा तो उसमें मोबाइल की बजाय कूड़ा भरा हुआ था।
उपमंडल के गांव जौह निवासी युवक राकेश कुमार पुत्र कन्हैया राम ताल कस्बे में मैकेनिक और स्पयेर पार्ट की दुकान करता है। उसने बताया कि उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल के दौरान एक शातिर ने बताया कि उसका लक्की ड्रॉ निकला है और दस हजार रुपये मूल्य का ब्रांडेड मोबाइल फोन चार हजार रुपये में दिया जा रहा है। उसके बाद राकेश ने ऑनलाइन भुगतान करके मोबाइल का ऑर्डर दे दिया। ऑर्डर के बाद पार्सल जब उसके घर पहुंचा तो खोलने पर उसके अंदर कूड़ा भरा हुआ था। इस तरह से युवक ठगी का शिकार हुआ। उधर, पुलिस थाना भोरंज के प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि ऑनलाइन ठगी से संबंधित कोई भी शिकायत नहीं आई है। लोगों को सोच-समझकर ही ऑनलाइन ऑफर चुनना चाहिए। अगर आपको मोबाइल पर कोई लॉटरी या लक्की ड्रॉ से संबंधित कोई भी लुभावना प्रलोभन दे रहा है तो ऐसी कॉल से बचें। आजकल देश में साइबर क्राइम ने अपनी जड़ें पूरी तरह से फैला रखी हैं।