नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन में आईपीएच विभाग के एक कर्मचारी ने महिला से छेड़खानी की है। इलाके की महिला ने आईपीएच विभाग के कर्मचारी पर घर में घुसकर उसके साथ जबरन अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाना नादौन में केस दर्ज करवाया है। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकियां भी दी हैं। जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है।
वारदात के समय परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर थे। शिकायत मिलने के बाद नादौन पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ भादंसं की धारा 354, 452 और 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी व्यक्ति की धरपकड़ को पुलिस टीम रवाना कर दी है। बता दें कि नादौन विधानसभा क्षेत्र के तहत आए दिन महिलाओं पर अत्याचार के मामले सामने आ रहे हैं। वहीं पुलिस भी इस तरह के मामलों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई अमल में ला रही है। लेकिन, आए दिन बढ़ते मामलों से मनोरोग विशेषज्ञ भी चिंतित हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर रमन कुमार मीणा ने कहा कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।