नादौन(हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला जंगली में सोमवार रात को अज्ञात लोगों ने चोरी का प्रयास किया। चोरों ने स्कूल के अंदर प्रवेश करने के लिए स्कूल की चारदीवारी दो अलग-अलग जगह पर तोड़ दी। जिसका पता मंगलवार सुबह उस समय चला जब गांव के लोग अपने दैनिक कार्यों के लिए वहां से गुजर रहे थे। लोगों ने इसकी सूचना स्कूल प्रशासन को दी। स्कूल के मुख्याध्यापक राकेश कुमार ने बताया कि लोगों की सूचना पर स्कूल पहुंचने पर उन्होंने देखा कि स्कूल के मुख्य द्वार के साथ लगती दीवार को तोड़ दिया गया है।
हालांकि यहां लोहे की तारबंदी के कारण दीवार का कुछ भाग वह नहीं तोड़ पाए। परिसर के अंदर रसोई घर के साथ लगती पूरी ही दीवार को तोड़ दिया गया है। स्कूल का सामान सड़क तक निकालने के लिए दीवार को तोड़ा गया था, लेकिन चोर अपने इस मंसूबे में असफल रहे। सूचना मिलने पर नादौन पुलिस ने मौका पर पहुंच कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। अतिरिक्त थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।