जिला पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार बंसल दंपति को मंगलवार को हमीरपुर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी दंपति को सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वहीं पुलिस ने निवेशकों को भी थाना में बुलाकर इस मामले में पूछताछ शुरू कर दी है।
मोहिंद्र बंसल और उनकी पत्नी अंजू बंसल को हमीरपुर पुलिस ने गत दिवस गुजरात के कच्छ से गिरफ्तार किया था। पुलिस दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हमीरपुर लेकर आई है। 27 फरवरी 2016 को पुलिस ने हमीरपुर थाना में इनके खिलाफ भादसं की धारा 420 और 120 बी के तहत धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया था।
दोनों आरोपी पुलिस से बचकर ठिकाना बदल लेते थे। कभी पंजकूला, कभी यूपी तो कभी गुजरात में अपने आप को बचाते हुए दोनों कई नए कारोबार भी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में हरियाणा पुलिस को भी इन दोनों की तलाश है। हमीरपुर में बस स्टैंड के समीप किराये के भवन में इन्होंने ब्लू ग्रास नाम से एक फाइनांस कंपनी बनाई थी। कंपनी के एजेंट निवेशकों को 4 फीसदी से लेकर डेढ़ फीसदी मासिक ब्याज पर पैसे वसूलते थे। करीब 60 निवेशकों का दो करोड़ रुपये लेकर कंपनी हमीरपुर से भाग गई थी। इसके बाद से पुलिस को इन दोनों की तलाश थी। एसएचओ हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।