सुजानपुर(हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर में सड़क किनारे खड़ी दुर्घटनाग्रस्त कार को शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। अग्निकांड की यह घटना वीरवार देर रात्रि की है। पीड़ित परिवार ने इस बारे पुलिस थाना सुजानपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के बाद मौके पर पहुंची सुजानपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर अगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुजानपुर की ग्राम पंचायत चोरी में बीते रविवार को एक गाड़ी सड़क से लुढ़क गई थी। इस कारण गाड़ी सवार महिला व पुरुष घायल हुए थे। घायलों को उपचार के लिए हमीरपुर लाया गया, लेकिन उक्त गाड़ी को खाई से बाहर निकाल सड़क किनारे खड़ा किया था। जिसे वीरवार रात को शरारती तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। इस कारण गाड़ी पूरी तरह जल गई है। गाड़ी मालिक रीता कुमारी पत्नी राकेश कुमार ने थाना सुजानपुर में गाड़ी में आग लगने और शरारती तत्वों द्वारा इस कार्य को अंजाम देने को लेकर शिकायत दर्ज करवाई है। थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्जकर अगामी छानबीन शुरू कर दी है।