भोरंज (हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत पड़ते लड़योह गांव में एक व्यक्ति के पास 17.54 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
सोमवार शाम को पुलिस थाना भोरंज के मुख्य आरक्षी अरुण कौशल की अगुवाई में एक टीम लड़योह गांव के पास गश्त पर थी। शाम करीब पौने सात बजे जब पुलिस की टीम लड़योह आंगनबाड़ी केंद्र के पास थी तो झनिक्कर की तरफ से पैदल आ रहा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया। शक होने पर पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 17.54 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। व्यक्ति की पहचान भूपेंद्र सिंह निवासी गांव लड़योह, डाकघर बराड़ा, तहसील टौणी देवी जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। इससे पूर्व फरवरी माह में बड़सर पुलिस ने घंगोट में भी बाइक सवार युवक को 3.5 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। इसके अलावा सुजानपुर में 312 ग्राम चरस के साथ भी एक व्यक्ति को पकड़ा है। पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।