हमीरपुर। जिला मुख्यालय हमीरपुर में शातिरों ने एक शॉपिंग कांप्लेक्स के भीतर खड़ी कार का शीशा तोड़ कीमती कैमरे पर हाथ साफ कर दिया। कार का पीछे का बड़ा शीशा टूटने से कार मालिक को काफी नुकसान हुआ है। कार मालिक ने इस संदर्भ में पुलिस थाना हमीरपुर में केस दर्ज करवा दिया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
कार मालिक प्रकाश चंद उर्फ सोनू ने बताया कि शुक्रवार रात को वह एक शादी समारोह में गए हुए थे। शादी समारोह में शरीक होने के बाद वह घर लौटे और अपनी कार को गांधी चौक के साथ शॉपिंग मॉल की पार्किंग में खड़ा कर दिया। उनके साथ कार में दोस्त अरुण कुमार भी बैठा हुआ था। कार को पार्किंग में खड़ा कर दिया। इस दौरान एक कीमती कैमरा भी कार में छूट गया। सुबह जब वह कार को पार्किंग से बाहर निकालने पहुंचे तो देखा कि कार का पिछला बड़ा शीशा टूटा हुआ था। शातिर कार के भीतर रखे कैमरे को चोरी कर ले गए थे। इस मामले की सूचना पुलिस थाना हमीरपुर में दी। बता दें कि इससे पहले भी इस कांप्लेक्स में दो बार कार के शीशे टूट चुके हैं। शातिर कार के शीशे तोड़ स्टीरियो उड़ा ले गए थे। अब तीसरी बार कार का शीशा टूटा है। उधर, पुलिस थाना हमीरपुर के प्रभारी संजीव गौतम ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि शीघ्र मामले को सुलझा लिया जाएगा।
बाक्स:
पार्किंग में सिक्योरिटी गार्ड और सीसीटीवी नहीं
पुलिस की मानें तो जहां कार का शीशा टूटा है, उस शॉपिंग मॉल की पार्किंग में न तो रात के समय कोई सिक्योरिटी गार्ड होता है और न ही मुख्य द्वार पर कोई गेट लगा है। इसके अलावा पार्किंग में कोई सीसीटीवी भी नहीं है। जिसके चलते शातिरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।