बिझड़ी(हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत चकमोह गांव में बोर वेल मशीन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान वासुदेव (42) पुत्र वीरी सिंह गांव जनैण डाकघर नबाई देवी तहसील सरकाघाट जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया है।
वासुदेव रविवार को चकमोह में हैंडपंप लगाने के लिए बोर वेल मशीन के साथ काम कर रहा था। शाम को वह मशीन को लगाए गए गुटके को हटा रहा था कि अचानक मशीन फिसलकर उसके ऊपर चढ़ गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अन्य मजदूरों ने स्थानीय लोगों की सहायता से उसे बड़सर अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद ऊना अस्पताल रेफर कर दिया गया। ऊना अस्पताल में सोमवार को उपचार के दौरान उसकी उसकी मौत हो गई। डीएसपी बड़सर जसवीर ठाकुर का कहना है कि चकमोह क्षेत्र में हैंडपंप लगाने के लिए बोर मशीन पर काम करने वाले व्यक्ति की चोट लगने से मौत हुई है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।