बड़सर(हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत अब गलू गांव में नाके के दौरान पुलिस ने गाड़ी सवार दो युवकों से 40 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रही है।
पुलिस थाना बड़सर से एक टीम ने सोमवार शाम को एसएचओ जगदीश चंद की अगुवाई में गलू गांव में नाका लगाया था। इस दौरान एक गाड़ी जिसे सुनील कुमार निवासी बड़सर चला रहा था और अमित कुमार उर्फ गोल्डी साथ में बैठा हुआ था, नाके के दौरान आई। जब पुलिस ने गाड़ी को रुकवाकर दस्तावेज जांचना शुरू किए तो गाड़ी सवार युवक घबरा गए। शक होने पर जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो गाड़ी से 40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशे की खेप और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। इससे पूर्व सोमवार को भी बड़सर थाना के घंगोट में पुलिस ने एक बाइक सवार युवक से 3.5 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। चिट्टे का असर जिलाभर में बढ़ता जा रहा है। हालांकि पुलिस समय समय पर नाके लगाकर नशे की खेप को पकड़ रही है, लेकिन आए दिन जिलाभर में एनडीपीएस का कोई न कोई मामला दर्ज हो रहा है।
एसएचओ जगदीश चंद का कहना है कि पुलिस ने गलू में नाके के दौरान गाड़ी सवार दो युवकों से 40 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।