हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर में बिना सरकारी मंजूरी किसी भी कंपनी के मोबाइल टावर नहीं लग पाएंगे। अगर कोई भी व्यक्ति अपने निजी भवन या जमीन पर मोबाइल का टावर लगाना चाहता है तो संबंधित कंपनी को पहले नगर परिषद हमीरपुर में शपथ पत्र देना होगा। मोबाइल कंपनी को शपथपत्र में यह भी बताना होगा कि मोबाइल टावर के आसपास रहने वाले लोगों को इससे कोई नुकसान नहीं होगा। नगर परिषद में सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद संबंधित कंपनी मोबाइल टावर स्थापित कर सकती हैं।
वर्तमान में हमीरपुर नगर परिषद क्षेत्र में विभिन्न सेलुलर कंपनियों के कुल 31 मोबाइल टावर हैं। जियो कंपनी ने हमीरपुर शहर में 11 टावर, एयरटेल ने 3, वोडाफोन ने 7, आईटीआईएल ने 3, जीटीएल ने 1 तथा अन्य कंपनियों ने एक से दो मोबाइल टावर स्थापित किए हैं जिससे शहर के लोगों को मोबाइल काल और इंटरनेट की सुविधा मिल रही है। नगर परिषद को इन मोबाइल कंपनियों से लाखों रुपये की आमदन हो रही है। मोबाइल कंपनियों से लाइसेंस शुल्क के तौर पर प्राप्त होने वाली आय को शहर के विकास कार्यों पर खर्च किया जा रहा है। शहर में सर्वाधिक टावर जियो कंपनी के हैं।
उधर, नगर परिषद हमीरपुर के ईओ किशोर लाल ठाकुर ने कहा कि शहर में कोई भी मोबाइल टावर नगर परिषद से मंजूरी लिए बगैर स्थापित नहीं किया जा सकता। वर्तमान में हमीरपुर शहर में दो दर्जन से अधिक मोबाइल टावर हैं, जिनसे नगर परिषद को आमदन प्राप्त हो रही है।
---