हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के एक अधिकारी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नगर परिषद कार्यालय के भीतर गोलगप्पे बेचने वाले प्रवासी व्यक्ति के साथ मारपीट करने और धमकाने का मामला अब पुलिस थाना हमीरपुर और नगर परिषद की चेयरमैन सुलोचना देवी के पास पहुंच गया है। दोनों ही विभागों में इस मामले की अपने-अपने स्तर पर जांच शुरू हो गई है।
पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं। अब आरोपी के बयान लिए जाएंगे। इसके साथ ही जिस व्यक्ति ने नगर परिषद के अधिकारी से गोलगप्पे बेचने वाले प्रवासी की शिकायत की है, उससे भी पुलिस पूछताछ करेगी। दोनों लोगों को शीघ्र थाना तलब किया जाएगा। इसके साथ ही विभागीय जांच भी शुरू होने वाली है। शहरी विकास विभाग इस संदर्भ में पुलिस में केस दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई करेगा।
बता दें कि हमीरपुर शहर में गोलगप्पे बेचने वाले एक प्रवासी व्यक्ति ने एक ग्राहक से गोलगप्पे खाने के बाद पैसे मांगे तो उसने पैसे देने से इंकार कर दिया। इसके बाद बहसबाजी हो गई। इसके बाद ग्राहक नगर परिषद के अधिकारी के पास पहुंच गया। बताया जा रहा है कि ग्राहक नगर परिषद के अधिकारी की पहचान का था। इसके बाद अधिकारी ने गोलगप्पे बेचने वाले व्यक्ति को नगर परिषद के कार्यालय में बुला लिया। गोलगप्पे बेचने वाले हेमराम ने बताया कि नगर परिषद कार्यालय में अधिकारी ने उससे मारपीट की और उसे धमकाया। इस दौरान पीड़ित की पत्नी भी उसके साथ थी। उसने पुलिस और नगर परिषद की चेयरमैन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उधर, पुलिस थाना हमीरपुर के प्रभारी संजीव गौतम ने कहा कि प्रवासी व्यक्ति ने शिकायत दी है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।