बड़सर (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र बड़सर में चल रही एक निजी कंपनी पर ग्राहकों की जमापूंजी पर कुंडली मारने के आरोप लगे हैं। एक हफ्ते के भीतर दूसरे व्यक्ति ने कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जबकि बीते सप्ताह कश्मीर सिंह ने कंपनी के अधिकारियों पर उसके जमा पैसे नहीं लोटाने के आरोप लगाए थे। अब बड़सर की ग्राम पंचायत बल्ह बिहाल के अगवीं गांव के रोशन लाल ने कंपनी पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों के नाम अपने खून पसीने की कमाई एक कंपनी में जमा करवा रखी है।
पूर्व सैनिक रोशन लाल ने कहा कि जब भी उक्त कंपनी में पैसा लेने के लिए जाते हैं तो उन्हें हर वक्त कोई न कोई बहाना बनाकर टाल दिया जाता है। कंपनी के पास कुल तीन लाख तीस हजार रुपये जमा हैं। आज दिन तक कंपनी के संचालकों ने कोई भी पैसा वापस नहीं किया है। इस संदर्भ में चौकी प्रभारी बिझडी राजिंद्र सिंह ने बताया कि एसपी कार्यालय से शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, शीघ्र ही रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी जाएगी।