हमीरपुर। कोविड महामारी से बचाव के लिए अब सरकार की ओर से पंचायत स्तर पर भी कोविड-19 टीका लगाने का अभियान शुरू किया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति कोविड-19 वैक्सीन टीकाकरण से वंचित न रहे। साथ ही अस्पताल में भीड़भाड़ से राहत मिल सके। बुधवार को हमीरपुर के साथ लगती ग्राम पंचायत बल्ह में कोविड-19 टीकाकरण किया गया। पंचायत प्रधान प्रकाश चंद ने बताया कि सरकार से आग्रह के बाद पंचायत घर में ग्रामीणों के लिए कोविड-19 वैक्सीनेशन की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को अस्पताल में पहुंचने के लिए असुविधा हो रही थी। जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग की ओर से पंचायत घर में ही टीकाकरण किया गया है। पंचायत घर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से करीब 150 लोगों का टीकाकरण किया।
उन्होंने ग्राम पंचायत के लोगों से आग्रह किया है कि कोविड-19 से बचाव के लिए चेहरे पर हमेशा मास्क लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग को अपनाएं। इसके साथ ही कोविड-19 की गाइडलाइन को अवश्य अपनाएं, ताकि कोविड-19 से बचा जा सके। वहीं, टीकाकरण के दौरान पहुंचे लोगों ने भी पंचायत घर के अंदर व बाहर कोविड-19 प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए टीकाकरण में हिस्सा लिया। दुर्गी देवी, जय लाल, बीना देवी , हुक्मी देवी, चमेल सिंह, प्रदीप, राजेंद्र राजन, रघुवीर सिंह, प्रकाश चंद इत्यादि ने पंचायत घर में ही वैक्सीनेशन की सुविधा मिलने पर जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।